अमेठी में नहर से बोरे में बंद युवक का शव बरामद, कई दिन पुराना होने की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जामो थाना क्षेत्र में शारदा सहायक नहर की एक शाखा से बोरे में बंद एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जामो थाना क्षेत्र में शारदा सहायक नहर की एक शाखा से बोरे में बंद एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात सूचना मिली कि जामो थाना क्षेत्र के बंधवा गांव के पास शारदा सहायक नहर खंड-49 में एक संदिग्ध बोरा पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बोरे को नहर से बाहर निकलवाया। जब बोरा खोला गया तो उसमें एक युवक का शव मिला।
जामो थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके लिए आसपास के थानों और सोशल मीडिया की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस हत्या और साक्ष्य छिपाने सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस अज्ञात युवक की पहचान और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।
dhananjaykumarroy